September 22, 2026

अभी भी कई प्रभावित क्षेत्रों तक नहीं पहुंची है कोई सरकारी सहायता : नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की वजह से प्रदेश पूरे प्रदेश में भारी नुक़सान हुआ है। इस आपदा में किसानों और बागवानों को भी बहुत नुक़सान हुआ है। लोगों के बगीचों में नुक़सान हुआ है। खड़ी फ़सले खेतों में बर्बाद हो गई। जो बची रह गई वह सड़कें ख़राब होने की वजह से मंडियो में नहीं पहुंच पास रही है, जिसकी वजह से किसानों और बाग़वानों को नुक़सान उठाना पड़ रहा हैं। इस समय मंडियो में आने वाले सेब की ‘सेल्फ लाइफ’ अपेक्षाकृत कम होती है इसलिए सड़कें न खुलने से इनके भी ख़राब होने का ख़तरा बढ़ गया है। इसलिए सरकार जल्दी से जल्दी सड़कों को सही करवाकर यातायात बहाल करवाए जिससे बागवानों और किसानों के उत्पाद आसानी  से मंडियों में पहुंच सके और उत्पादक को आय हो।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा के दस दिन बाद भी बहुत सी जगहों पर अभी भी कोई सरकारी सहायता नहीं पहुंची हैं, बिजली पानी और नेटवर्क की सुविधाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। दस दिन से बिना पानी की सप्लाई के लोग किस तरह से जीवन यापन कर रहे हैं, आज के समय में इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती हैं। लोग बारिश का पानी इकट्ठा करके अपना गुज़ारा कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिना बिजली, पानी, संचार और चिकित्सा सुविधाओं के बिना दस दिन से लोग सरकारी मदद का इंतज़ार कर रहे हैं लेकिन सरकारी मदद तो दूर कई गावों में आज तक सरकार का कोई प्रतिनिधि ही नहीं पहुंचा हैं। न वे लोग बाक़ी प्रदेश के बारे में जान पास रहे हैं और न ही बाक़ी प्रदेश के लोग उनके बारे में जान पा रहे हैं कि उन जगहों पर कौन सुरक्षित है कौन नहीं। उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक स्थिति हैं क्योंकि लोगों के पास जो भी संसाधन बचे थे वह भी ख़त्म हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को हर हाल में ऐसे क्षेत्रों में भी तुरंत राहत पहुंचानी चाहिए। इस आपदा में प्रभावितों को सिर्फ़ फ़ौरी राहत देने से काम नहीं चलेगा, बहुत नुक़सान है, लोगों के घर बह गये हैं।

About The Author