धारकंडी क्षेत्र को पर्यटन के लिए किया जाएगा विकसित : पठानिया

शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकंडी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। यहां सभी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नई सुविधाओं के विकास पर फोकस के साथ काम होगा ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। विधायक ने धारकंडी क्षेत्र की पलोथा पंचायत में मोबा, लंगा, पौलुन, पलोथा, सुखुघाट, चमियारा, दुल्ली में विकास कार्यां का निरीक्षण किया तथा लोगों की समस्याओं भी सुनीं। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वे सातों दिन 24 घंटे जनता की सेवा के लिए उपलब्ध हैं तथा शाहपुर विस के कठिन भूगौलिक परिस्थितियों वाले धारकंडी क्षेत्र में बागवानी, कृषि, स्वास्थ्य समेत हर क्षेत्र में नए दृष्टिकोण के साथ, नई गति से काम किया जाएगा।
केवल सिंह पठानिया ने धारकंडी क्षेत्र के दूरदराज के गांवों में लोगों की समस्याएं सुनने के लिए दो दिन में 25 किमी का सफर तय किया तथा विकास कार्यों का जायजा भी लिया। विधायक केवल सिंह पठानिया का दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता ने जोरदार स्वागत भी किया।