राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि प्रसन्नता एवं उल्लास का प्रतीक रोशनी का यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई और अंधेरे पर प्रकाश की विजय का संदेश देता है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह त्यौहार प्रदेशवासियों के जीवन में अपार खुशियां लाएगा।
राज्यपाल ने सभी से दीपों के इस त्यौहार को प्रदूषण मुक्त ढंग से मनाने का भी आग्रह किया।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शुभ संदेश में कहा कि यह पावन उत्सव सभी के जीवन में खुशी और सम्पन्नता लाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह त्यौहार प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने के साथ-साथ भाईचारे और एकता के बंधन को मज़बूती प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से ज़रूरतमंद और संकटग्रस्त लोगों के जीवन में खुशियां लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से त्यौहार को पारंपरिक तरीके से मनाने का भी आह्वान किया।
मंत्रिमण्डल के सभी सदस्यों और मुख्य संसदीय सचिवों ने भी दीपावली पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।

पटाखे जलाने का समय रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक निर्धारित, ग्रीन पटाखे जलाने की ही अनुमति

जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज यहां एक आदेश पारित करते हुए दिवाली उत्सव के दौरान पटाखे जलाने का समय रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। आदेशानुसार दिवाली उत्सव के दौरान ग्रीन पटाखे जलाने की ही अनुमति दी गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार के पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग शिमला के निर्देशानुसार इस वर्ष त्योहारी सीजन दीवाली के दौरान सिर्फ दो घंटे रात्रि 08 से 10 बजे तक ग्रीन पटाखों जलाने की अनुमति दी गई है । आदेशानुसार किसी भी उल्लंघन पर आईपीसी की धारा 188 और लागू अन्य प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई के अलावा पर्यावरण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत तत्काल पीनल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेश का अनुपालन पुलिस अधीक्षक शिमला और शिमला जिले के सभी उपमंडल मजिस्ट्रेट द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।

दीपावली के अवसर पर माल रोड स्थित लिफ्ट 3 बजे के बाद रहेगी बंद

दीपावली के अवसर पर माल रोड, शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट सेवा सायं 3 बजे के बाद बंद रहेगी। निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि कर्मचारियों को दीपावली मनाने की सुविधा के दृष्टिगत रविवार के दिन सायं 3 बजे के बाद लिफ्ट बन्द करने का निर्णय लिया गया है।

 

 

About The Author