September 20, 2026

लोक निर्माण मंत्री द्वारा नूरपुर में 16 करोड़ के शिलान्यास

सड़कों के निर्माण के साथ बेहतर रखरखाव राज्य सरकार की उच्च प्राथमिकता
लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नूरपुर और इंदौरा विधानसभा में लगभग 16 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों और पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत 6 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से पंजासरा से चरूड़ी वाया चौधरियां सड़क के स्तरोन्नयन कार्य तथा सुखार से सलाहन सड़क की छौंछ खड्ड पर 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। विक्रमादित्य सिंह ने इसके उपरांत इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत 8 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सौरनारा ब्रह्मणा टप्पा सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।
उन्होंने कहा है कि सड़कों के निर्माण के साथ बेहतर रखरखाव सरकार की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में सड़क नेटवर्क का मजबूत होना विशेष महत्व रखता है। विशेषकर पहाड़ी राज्य में सड़कें ही आवाजाही का मुख्य साधन है जिस कारण सड़कों की अहमियत और भी ज्यादा रहती है। उन्होंने कहा कि सड़कें बनाना ही हमारा उद्देश्य नही है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी हमारा दायित्व है। प्रदेश सरकार यात्रियों और पर्यटकों को बेहतरीन सम्पर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की मांगो पर लगाई मोहर
उन्होंने इस दौरान स्थानीय लोगों की मांगों को स्वीकार करते हुए नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चरूड़ी में दो खेल मैदानों के रख-रखाव के लिए 5 लाख रूपये देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन खेल मैदानों के स्तरोन्नयन के लिए यदि और पैसों की जरूरत होगी तो उसे भी उपलब्घ करवाया जाएगा। उन्होंने सुखार पंचायत में एक जिम और एक बैडमिंटन कोर्ट बनाने की घोषणा भी यहां की। उन्होंने अधिकारियों को चरूड़ी में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन के निर्माण कार्य में आ रही रूकावटों को दूर कर इसका निर्माण कार्य जल्द शूरू करने के निर्देश भी दिए।

About The Author