प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा देश में विकास और समृद्धि का नया अध्याय: जे.पी.नड्डा

सांसद और भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार ने कड़ी मेहनत, समर्पण और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के बल पर हिमाचल को देश के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है। जगत प्रकाश नड्डा आज सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शानदार स्वागत के लिए सिरमौर जिलावासियों का आभार व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और हिमाचल में जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में भाजपा की सरकारें विकास तथा जनकल्याण के लिए अपने समर्पण एवं सक्रियता के कारण जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरी हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जबकि, जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेशवासियोें से आग्रह किया कि वे 76वंे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से देशवासियों को दिए गए पांच संकल्पों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें। केंद्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो और अन्य बीमारियों के टीके भारत को इनके अविष्कार के कई वर्षों के बाद उपलब्ध हुए थे। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व के कारण भारत ने कोविड-19 की वैक्सीन मात्र नौ महीने में तैयार करके वैश्विक स्तर पर बहुत बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक मुफ्त टीके उपलब्ध कराने के अलावा भारत ने दुनिया के 100 से अधिक अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध करवाई। जगत प्रकाश नड्डा ने कोरोना रोधी वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक देने में हिमाचल को देश का पहला राज्य बनाने के लिए जय राम सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार से प्रभावित हुए बिना जय राम ठाकुर द्वारा प्रदेश को सशक्त नेतृत्व प्रदान करने के कारण ही यह संभव हुआ है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लिए 1300 करोड़ रुपये लागत का एम्स बिलासपुर स्वीकृत किया गया और शीघ्र ही इसका निर्माण पूरा होने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा राज्य के चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर और मंडी में चिकित्सा महाविद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर बन रहा है और प्रदेश में कई ट्रॉमा सेंटर निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों के कारण संभव हो पाई हैं। उन्होंने आगामी चुनावों के दृष्टिगत कांग्रेसी नेताओं पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने का मामला शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा ताकि इस समुदाय के लोग जनजातीय दर्जे से लाभान्वित हो सकें।
पौने पांच वर्षों में हिमाचल ने किया अभूतपूर्व विकासः जय राम ठाकुर
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के धरती पुत्र कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग हर पार्टी कार्यकर्ता की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य करने की मधुर स्मृतियां है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब एक पवित्र और ऐतिहासिक शहर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के गौरवशाली 75 वर्ष मना रहा है और भारत आजादी के 75वें वर्ष को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में देश के असंख्य लोगों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है। जय राम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की विकासात्मक आवश्कताओं का हमेशा ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सैनिटाइजर और अन्य आवश्यक चीजों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी महामारी के दौरान जरूरतमंदों को 50 लाख से अधिक मास्क प्रदान कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास उन लोगों को याद रखेगा, जिन्होंने देश को कोरोना के कठिन दौर में सफलतापूर्वक बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव को राष्ट्रीयता की भावना से मनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विचार वास्तव में महान लोगों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान के बारे में युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के साथ-साथ भारत मॉं के महान सपूतों को सम्मान देने का एक सराहनीय प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने गत 75 वर्षों में विकास के सभी क्षेत्रों में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अब तक रहे सभी मुख्यमंत्रियों डॉ. वाई.एस. परमार, राम लाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल का प्रदेश के विकास में बहुमूल्य योगदान रहा है, परन्तु प्रदेश के समग्र विकास का मुख्य श्रेय प्रदेश के मेहनती और ईमानदार लोगों को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौने पांच वर्षों के दौरान विकास के मामले में सिरमौर जिले को हमेशा सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलवाकर इस भावनात्मक मुद्दे के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक अरसे से लंबित इस मांग को केंद्र के आशीर्वाद से जल्द ही पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बार-बार सरकार बदलने की परंपरा को खत्म करने तथा हिमाचल में विकास की तेज गति को बरकरार रखने के लिए लोगों से वर्तमान प्रदेश सरकार को भरपूर समर्थन देने का आग्रह भी किया। हिमाचल को एक साथ कई मेडिकल कालेज, एम्स और पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर स्वीकृत करवाने के लिए जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, राज्य भाजपा सह-प्रभारी संजय टण्डन, विधायक रीना कश्यप, राज्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता निगम उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, खादी बोर्ड के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, राज्य विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भण्डारी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मण्डल अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।