एसजेवीएन के अध्यक्ष नंदलाल शर्मा डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, नन्‍द लाल शर्मा को डॉ. वाई. एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। डॉ. वाई. एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह के दौरान मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल ने की, जबकि हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहे। यह प्रतिष्ठित सम्मान विदयुत उत्पादन और प्रशासन के क्षेत्र में श्री शर्मा के असाधारण योगदान को रेखांकित करता है, जिससे उनकी छवि एक अग्रणी दिग्गज के रूप में मजबूत हुई है।
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र, श्री नन्‍द लाल शर्मा ने वर्ष 1985 में कृषि में स्नातक की डिग्री हासिल की। श्री शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने जन्म स्थान अर्थात् हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के गांव दोहक के समीप स्थित सरकारी स्कूलों से पूर्ण  की। उनकी शानदार शैक्षणिक योग्यताओं में सीएसके हि.प्र. कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से कृषि अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री और स्लोवेनिया के लुबेनिया विश्वविद्यालय से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री शामिल है।
श्री नन्‍द लाल शर्मा ने वर्ष 1989 में प्रतिष्ठित हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा में एक अधिकारी के रूप में अपनी व्यावसायिक यात्रा आरंभ की। अपने संपूर्ण कार्यकाल के दौरान, इन्होंने सहायक आयुक्त, विशेष सचिव (जीएडी), निदेशक आयुर्वेद, विशेष सचिव (स्वास्थ्य) और हि.प्र. राज्य विदयुत बोर्ड के सचिव सहित प्रमुख पदों पर कार्य किया।
वर्ष 2008 में, श्री नन्‍द लाल शर्मा, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में एसजेवीएन में शामिल हुए। इन्‍हें निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन के रूप में चयनित किया गया और इन्‍होंने 22 मार्च, 2011 से नवंबर 2017 तक इस पद पर कार्य किया। मानव संसाधन में इनके कार्यकाल में विभिन्न मानव संसाधन पहलों की अवधारणा और प्रभावी कार्यान्वयन को लागू किया गया।

About The Author