विधान सभा अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र के स्कूली बच्चों ने सदन में देखी विधान सभा की कार्यवाही

20 दिसम्बर, 2023 को पूर्वाह्न 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुलेल, ब्लॉक भटियात के छात्र-छात्राओं ने तपोवन विधान सभा में सदन की कार्यवाही को देखा। गौरतलब है कि ये स्कूली बच्चे विधान सभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानियां के निर्वाचन क्षेत्र से सम्बन्ध रखते हैं। सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व इन छात्र-छात्राओं ने विधान सभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की।
विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र- छात्राओं को सदन में आज होने वाली कार्यवाही तथा देश की लोकतान्त्रिक प्रणाली से अवगत करवाया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए श्री पठानियां ने कहा कि विधान सभा तथा लोकसभा लोकतन्त्र के सबसे बड़े मन्दिर हैं जहाँ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है, विपक्ष सरकार से प्रश्न पूछता है तथा सत्तापक्ष को उसका जवाब देना होता है। श्री पठानियां ने कहा कि प्रदेश तथा देश का कानून बनाने तथा पारित करने का अधिकार केवल विधान सभा तथा लोक सभा को है।
श्री पठानियां ने कहा कि हमारे देश का संविधान सर्वोच्च है, वह ही हमें शक्तियों का नियमानुसार उपयोग करने की इज्जात देता है। श्री पठानियां ने कहा कि हमारे देश का संघीय ढाँचा बहुत मजबूत है तथा आजादी से लेकर आजतक हमारा लोकतन्त्र मजबूत हुआ है। श्री पठानियां ने कहा कि जिस तरह आज के युवा सदन की कार्यवाही देखने आ रहे हैं तथा रूचि ले रहे हैं यह मजबूत लोकतन्त्र की ओर इशारा करता है। उन्होने कहा कि आज के युवा को लोकतान्त्रिक प्रणाली में रूचि लेनी चाहिए तथा इसको मजबूती प्रदान करने का भागीदार बनना चाहिए।

About The Author