मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह की अध्यक्षता की

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह की अध्यक्षता करते हुए शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आज 24.66 करोड़ रुपये लागत की नौ विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किये।
मुख्यमंत्री ने रामपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि रामपुर के लोगों का उनके दिल में विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि जब-जब भी क्षेत्र का दौरा किया, रामपुर के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया है। उन्होंने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनादेश देकर समर्थन करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है और दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये 75 वर्ष राज्य की एक महत्वपूर्ण विकास यात्रा के साक्षी रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक ने राज्य की इस विकास यात्रा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक मुख्यमंत्री, चाहे डॉ. यशवंत सिंह परमार, राम लाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल हों, का इस प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 75 कार्यक्रम आयोजित करने के निर्णय का उद्देेश्य प्रदेश के सभी नेताओं और लोगों के योगदान को स्मरण करना है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार की यह पहल कुछ कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के इतिहास का विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य में प्रति व्यक्ति आय मात्र 240 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2,01,873 रुपये और साक्षरता दर 83 प्रतिशत हो गई है, जोकि 1948 में 4.8 प्रतिशत थी। राज्य में कृषि उत्पादन 954 मीट्रिक टन से बढ़कर 1500 मीट्रिक टन हो गया है और 1948 में खाद्यान्न उत्पादन 1.99 लाख मीट्रिक था, जो कि अब 15.14 लाख मीट्रिक टन हो गया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के पिछले लगभग पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री स्वाबलंबन योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना इत्यादि योजनाओं ने प्रत्येक जरूरतमंद परिवार की मदद की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने ‘जहां गरीब, वहां सरकार’ के ध्येय से कार्य किया है। उन्होंने कहा
कि जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने के लिए 1300 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। मुख्यमंत्री ने ननखड़ी तहसील में ग्राम पंचायत जाहू और खुन्नी पनोली की विभिन्न बस्तियों के लिए 6.45 करोड़ रुपये लागत की बहाव जलापूर्ति योजना और ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत मझौली, टिप्पर और कलेडा मझौटी की विभिन्न बस्तियों के लिए 6.15 करोड़ रुपये लागत की बहाव जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया।