कामगारों को दी जा रही आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा: बिक्रम ठाकुर

सरकार ने कामगारों को उपलब्ध करवाई 327 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता प्रदेश की जयराम सरकार ने कामगारों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देते हुए आत्मनिर्भर व स्वावलम्बी बनाने का कार्य किया है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के कलोहा में कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित कामगारों के सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उद्योग एवं श्रम मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे कामगारों को संबोधित करते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लगभग 2.50 लाख कामगारों को कामगार कल्याण बोर्ड के साथ पंजीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि कामगारों और उनके परिवारों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा का ध्यान रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक 327 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जा चुकी है। उद्योग मंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा में 52000 व जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में 5500 श्रमिक कामगार कल्याण बोर्ड के साथ पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश सरकार पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवार को जन्म से मृत्यु तक सहायता उपलब्ध करवाती है। उन्होंने बताया कि मनरेगा एवं नीजि क्षेत्र में 90 दिन तक श्रमदान करने वाले व्यक्तियों को कामगार कल्याण बोर्ड के साथ पंजीकृत किया जाता है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार मानवीय मूल्यों के आधार पर कार्य करने वाली सरकार है। इसी कारण कामगारों और श्रमिकों के कष्टों को समझते हुए सरकार ने उनकी सहायता के लिए यह योजनाएं चलाई हैं। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने 846 कामगारों को पंजीकरण काॅपी वितरित करने के साथ बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 300 कामगारों को प्रशस्ति पत्र भी भेंट किए।