गरीब वर्गों के कल्याण हेतु सरकार प्रतिबद्ध – जयराम ठाकुर

‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करोड़ों की विकासनत्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने वर्ष 1948 में गठन के बाद विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। प्रदेश में सड़क सुविधा, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, पर्यटन, कृषि और बागवानी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश के गठन के समय वर्ष 1948 में केवल 88 स्वास्थ्य संस्थान थे जो अब बढ़कर 4320 हो गए हैं । प्रदेश के गांवों के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के अलावा राज्य में 39354 किलोमीटर सड़कों का जाल बिछा है जो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कारण सम्भव हो पाया है। इसका सारा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई इस महत्वकांक्षी योजना को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार नेे चार वर्ष और आठ माह से अधिक के कार्यकाल के दौरान राज्य के गरीब और जरूरतमंद वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 1300 करोड़ रुपये के वार्षिक वित्तीय लाभ प्रदान किए हैं जबकि पिछली प्रदेश सरकार ने इसके लिए केवल चार सौ करोड़ रुपये व्यय किए थे। यह गरीब वर्गों के कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रदेश सरकार की हिमकेयर, सहारा योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और मुख्यमंत्री शगुन जैसी अनेक योजनाएं गरीब और जरूरतमंदों को राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। वर्ष 2018 में शुरू की गई इस योजना के अन्तर्गत अब तक 721 करोड़ रुपये का निवेश और 4377 परियोजनाओं को पूरा किया गया है। योजना के अन्तर्गत लाभार्थियों को 200 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है और अब तक 11674 बेरोजगार लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विगत लगभग 50 वर्षों से प्रदेश और देश में सत्तासीन रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के विभिन्न भागों में फंसे 2.50 लाख हिमाचलवासियों को सुरक्षित घर वापिस लाया था। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने संवेदनशील मुद्दों का भी राजनीतिकरण किया और टीकाकरण के मामले पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला से नारी को नमन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिसके अन्तर्गत महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में बस किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बस किराए में छूट देना एक राजनीतिक कदम नहीं बल्कि महिलाओं का कल्याण और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने की दिशा में लिया गया एक सकारात्मक प्रयास है।