“मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना” के ऑनलाइन मॉडयूल का मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने किया शुभारम्भ

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरोली के कांगड़ मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राज्य में बल्क ड्रग फार्मा पार्क को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। जय राम ठाकुर ने कहा कि यह वास्तव में राज्य के लोगों के लिए गर्व की बात है कि देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के साथ ही राज्य अपने अस्तित्व के 75 वर्ष भी मना रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में 75 कार्यक्रम आयोजित कर इस आयोजन को भव्य तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के 75 वर्षों के दौरान राज्य की विकास यात्रा को प्रदर्शित करना है। इन आयोजनों के माध्यम से 75 वर्षों की विकासात्मक यात्रा में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने के लिए वर्तमान राज्य सरकार का योगदान प्रदेश के पूर्व उद्योग मंत्री के कार्यकाल में किये गये निवेश की तुलना में बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार नवंबर, 2019 में धर्मशाला में एक मेगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया, जिसमें 96,721 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 703 समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए गए। उन्होंने कहा कि शिमला में 13,656 करोड़ रुपये की 240 परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की गई और वर्तमान प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर 27 दिसंबर, 2021 को मंडी में प्रधानमंत्री द्वारा दूसरा ग्राउंड ब्रेकिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 28,197 करोड़ रुपये की 287 परियोजनाएं समर्पित की गईं। उन्होंने कहा कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा बनाई गई निवेशक हितैषी नीतियों के कारण यह संभव हो पाया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है ताकि प्रदेश में विकास की गति निर्बाध रूप से जारी रहे। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सत्ता में आने के लिए राज्य के मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वायदे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को सिरे से नकार दिया है और अब हिमाचल प्रदेश की बारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और उनके उत्थान पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष जुलाई माह से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। प्रदेश में मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना और मुख्यमंत्री स्वाबलंबन जैसी विभिन्न योजनाओं से उनका सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त पानी भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए क्रियान्वित की जा रही जनहितैषी योजनाएं कांग्रेसी नेताओं को रास नहीं आ रही है। कांग्रेसी नेता प्रदेश सरकार पर लोगों को मुफ्त की आदत डालने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अब यही नेता सत्ता में आने पर 300 यूनिट निःशुल्क बिजली देने का भी वादा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के ऑनलाइन मॉडयूल का शुभारम्भ किया तथा उद्योग विभाग की पहल गोल्डन इरा ऑफ इन्वेस्टमेंट इन हिमाचल प्रदेश’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।