आम आदमी पार्टी ने सभी 68 सीटों पर उतारे प्रत्याशी

हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने 10 और प्रत्याशियों की सूची जारी की है और इसके साथ ही पार्टी ने सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। यह सूची आप के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर व पार्टी प्रभारी हरजोत सिंह बैंस की ओर से जारी की गई है। पार्टी ने चार महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जवाली से बलदेव राज, देहरा से मनीष धीमान और रेणुकाजी से राम कृष्ण पूर्व सैनिक हैं। सराज से गीता और सुंदरनगर से पूजा ठाकुर वकील हैं। आनी से इंद्र पाल और कसुम्पटी से राजेश चन्ना डॉक्टर हैं। इसके अलावा आम आदमियों को भी टिकट दिए हैं। किसी की दुकान है तो किसी का छोटा-मोटा कारोबार। वहीं, पहले जारी की गई पहली सूची में पार्टी ने राजनीति में अच्छी पकड़ वालों को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा सरकार में मंत्री और सांसद रहे डॉ. राजन सुशांत इस बार आप के टिकट पर फतेहपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव रहे मनीष ठाकुर मार्च 2022 में आप में शामिल हुए हैं। वह पांवटा साहिब से चुनाव लड़ रहे हैं। उमाकांत डोगरा 2012 में भाजपा के साथ थे। 2017 में भाजपा से टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से टिकट अरुण को दिया गया। वर्ष 2018 में उन्होंने आप का दामन थामा था। वहीं, माकपा में रहे सुदर्शन जस्पा को लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा गया है।