राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि उत्सव का यह अवसर समाज में शांति और भाईचारा लाएगा। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व मानवता के प्रति प्रेम का संदेश देता है और सभी को करुणा, नेकी और धर्म परायण जीवन जीने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस की सच्ची भावना हमें जरूरतमंदों की मदद करने और निराश लोगों के जीवन में आशा का संचार करने के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बधाई संदेश में लोगों से एक न्यायसंगत और समावेशी समाज के निर्माण के लिए ईसा मसीह के जीवन और सिद्धांतों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हैं क्योंकि इनसे हमें सेवा भाव, करुणा और विनम्रता की सीख मिलती है।

About The Author