26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करेगी कांग्रेस

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने आज शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ही एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता घर-घर जाकर राहुल गांधी के राष्ट्रीय एकता के संदेश को देंगे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश मे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लोगों का भारी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होगा। राहुल गांधी की यह पदयात्रा ऐतिहासिक व बहुत ही सफल रही हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों व निर्णयों से देश आज गंभीर चुनौतीयो से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि देश मे बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी भाजपा की ही देन हैं। उन्होंने कहा कि अकारण नोटबन्दी से देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। देश का उद्योग जगत अस्त व्यस्त हो गया हैं। बेरोजगारी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह 26 जनवरी से इस अभियान की शुरुआत मंडी जिला के जोगिंदरनगर से करेंगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिये नियुक्त केंद्रीय प्रभारी रघुवीर सिंह मीणा व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त भी उपस्थित रहेंगे।