September 21, 2026

मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
देश के 74वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने मंडी के सेरी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस और होमगार्ड व एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर अपने संबोधन में रोहित ठाकुर ने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ । उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के तप, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय सेनाओं व पुलिस के जवानों का भी आभार जताया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा नीति में बड़े बदलाव और व्यवस्था परिवर्तन का प्रयास कर रही है, जिससे गरीब बच्चों को पढ़ने और बढ़ने के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी माॅडल डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए नई तकनीकी कोर्स, बहुतकनीकी, आईटीआई तथा इंजिनियरिंग काॅलेजों में शुरू किए जाएंगे। जिस पर प्रदेश सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार नई रोजगार नीति भी लाने जा रही है।

About The Author