September 21, 2026

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए पड्डल मैदान तथा देव सदन की तैयारियों का जायजा

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को भव्य रूप प्रदान किया जाएगा ताकि देव संस्कृति का बेहतर तरीके से संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। यह बात विधायक चंद्रशेखर ने आज खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन स्थल में बदलाव के चलते इस बार बेहतर यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए हैं ताकि किसी भी स्तर पर नागरिकों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन में आम जनमानस की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देवता तथा देवलुओें, बजंतरियोंके रहने तथा ठहरने के लिए पहले से बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी इस बाबत जिला प्रशासन तथा महोत्सव कमेटी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि मंडी में देव समाज के लिए देव सदन भी निर्मित किया गया है इस बार शिवरात्रि महोत्सव में देवताओं के ठहरने के लिए देव सदन में भी व्यवस्था की जाएगी इसके अतिरिक्त पड्डल मैदान में भी देवताओं तथा देवलुओं, बजंतरियों के लिए देव समाज की सहमति से उपयुक्त जगह चिह्न्ति करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि देव समाज की समस्याओं के निपटारे के लिए उपसमिति गठित की गई है। यह उपसमिति वर्ष में दो बार बैठक आयोजित करेगी जिसमें देव समाज से संबंधित विभिन्न समस्याओं का स्थायी हल सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पहले उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान किया। विधायक चंद्रशेखर ने जिला प्रशासन के साथ पड्डल मैदान, देव सदन में शिवरात्रि महोत्सव के लिए चल रही तैयारियों का जायजा भी लिया।

About The Author