September 23, 2026

कृषि मंत्री ने रजोल में किया कृषि योग्य भूमि के बचाव कार्य का शिलान्यास

कृषि व्यवसाय को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रदेश सरकार कार्य करेगी। विभिन्न विभागों के समन्वय से कृषि योग्य भूमि के संरक्षण और संवर्धन का कार्य किया जाएगा। शाहपुर के रजोल में कृषि योग्य भूमि के बचाव हेतु निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने यह शब्द कहे। इस अवसर पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों को संबोधित करते हुए चंद्र कुमार ने कहा कि इस निर्माण कार्य से गज खड्ड के साथ लगती कृषि योग्य भूमि को संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रथम चरण में लगभग 36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर भू-संरक्षण निर्माण कार्य का शिलान्यास आज कर दिया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार पूरी तैयारी के साथ परियोजनाओं को अमली जामा पहनाएगी। इसी के तहत इस निर्माण कार्य के शिलान्यास से पूर्व बजट की व्यवस्था कर राशि उपलब्ध करवायी गयी।
उन्होंने कृषि विभाग के अलावा जल शक्ति विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी कृषि योग्य भूमि से संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी परियोजनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें नवीनतम तकनीकों, सब्जियों, कृषि यांत्रिकरण, खुम्ब उत्पादन एवँ स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

About The Author