मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से विश्व विख्यात अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने मुख्य देवता राज माधोराय के मंदिर में शीश नवाया तथा मंदिर से शुरू हुई पारंपरिक शोभा यात्रा जलेब में भाग लिया। पारंपरिक परिधानों से सजे हजारों श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं की पालकियों को पड्डल मैदान तक पहुंचाया। यह शोभा यात्रा पड्डल मैदान में संपन्न हुई। पारंपरिक शोभा यात्रा ‘शाही जलेब’ में जिले के लगभग सभी हिस्सों से आए 200 से अधिक देवी-देवताओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने पगड़ी समारोह में भी भाग लिया और श्री राज माधोराय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि मंडी शिवरात्रि देव समाज का पर्व है और प्रदेश के इतिहास में पहली बार प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर देव समाज को लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी ने समृद्ध संस्कृति, भाईचारे और प्रेम को दर्शाने वाली उच्च परंपराओं का संवर्धन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार का आगामी बजट शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की चुनौतियों के समाधान पर केंद्रित रहेगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में राज्य सरकार द्वारा पुरानी पेंशन बहाल कर दी गई जबकि दूसरी बैठक में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने पड्डल मैदान में विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और इसमें विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर मेला समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने शिवरात्रि के शुभ अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए अविस्मरणीय क्षण है जब मंडी के लोगों को देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का मौका मिला है। इस अवसर पर उपायुक्त मण्डी एवं अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अरिंदम चौधरी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पारम्परिक शोभा यात्रा (जलेव) में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रथ यात्रा निकाली गई जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पोषण अभियान और प्रधानमंत्री मातृ बंदना योजना की जानकारी दी गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी बंदना शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से 19 फरवरी से लेकर 25 फरवरी तक आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए पड्डल मैदान में स्टॉल भी स्थापित किया गया है।

About The Author