हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद के 49वें राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज ऊना में लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द में हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद के 49वें राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ पर पंजाब और हरियाणा का ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का भी अधिकार है। उन्होंने कहा कि शहर में हिमाचल की 7.19 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसे हासिल करने के लिए हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हर क्षेत्र में रोड मैप तैयार किया जा रहा है ताकि यहां के लोगों को हर सुविधा मुहैया करवाई जा जा सके। उन्होंने कहा कि डॉ यशवंत सिंह परमार का बसाया हुआ यह प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने जो विकास का मॉडल स्थापित किया है उसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग विकास के प्रति समर्पित है। प्रदेश के सबसे लंबे पुल हरोली-रामपुर पुल पर लाइटों का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है। अब इस पुल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिरों के विकास एवं उनके उत्थान के लिए भी प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। पूरे प्रदेश के मंदिरों का समग्र विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। माता चिंतपूर्णी मंदिर की भव्यता को बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए गऐ हैं जिसके तहत बड़़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मारकों के संरक्षण एवं भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए भी उचित कदम उठाए जाएंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि जिला में सिंथेटिक ड्रग्स का नामोनिशान मिटा देंगे जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जाए। नशे में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमोत्कर्ष परिषद् प्रदेश में साहित्यक, सांस्कृतिक एवं निःस्वार्थ समाज सेवा के अनेक कार्य कर रही है, जो समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।