September 22, 2026

कांग्रेस श्वेत पत्र लाए हम चर्चा के लिए तैयार : जयराम

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार जल्द श्वेत पत्र लाने की बात कर रही है, उस श्वेत पत्र पर हम खुली चर्चा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सरकार चलाते 3 महीने हो गए हैं और अभी तक हिमाचल प्रदेश में कोई भी नया कार्य नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री को भाजपा के ऊपर आरोप लगाने के बजाय हिमाचल प्रदेश में कुछ नया करके दिखाना चाहिए। आज जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में बजट सत्र को लेकर रणनीति तय हुई।खासतौर पर डीजल पर वैट की दरों में बढ़ोतरी करने के अलावा मुख्य संसदीय सचिवों (सीपीएस)की नियुक्ति को लेकर जयराम ठाकुर ने विधायक दल की बैठक में सरकार पर निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र आने वाला है और इस बार का विधानसभा सत्र आक्रमक रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता महंगाई की बात कर रहे हैं। मगर प्रदेश में महंगाई को कौन लेकर आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में चीफ पार्लिमेंट सेक्रेटरी बनाकर जनता पर बोझ नहीं डाला। मगर कांग्रेस के नेता अपने लोगों को एडजस्ट करने के लिए जनता के ऊपर बोझ डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार थी तो कांग्रेस पार्टी हेलीकॉप्टर को लेकर हो-हल्ला करती थी पर अब हेलीकॉप्टर का प्रयोग मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और उनके मंत्री कर रहे हैं पर हम चुप हैं। देखना यह है कि कांग्रेस पार्टी के नेता हेलीकॉप्टर का कितना प्रयोग करते हैं। हिमाचल प्रदेश में पूरे देश भर में सबसे कम दरों पर हेलीकॉप्टर को किराए पर लिया गया था देखना यह है कि अब कांग्रेस कितने में हेलीकॉप्टर का सौदा करती है।
इस अवसर पर भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल, रणधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, डी एस ठाकुर, हंसराज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, कोषाध्यक्ष संजय सूद, सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, सुरेश भारद्वाज, मोहिंदर धर्माणी, राजेश शारदा, विजय परमार, गगन लखनपाल, अनिला कश्यप उपस्थित रहे।

About The Author