शिमला नगर निगम चुनावों की तैयारियों के लिए प्रतिभा सिंह ने की बैठक

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से शिमला नगर निगम चुनावों के लिये एकजुटता के साथ आगे आने को कहा हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के लिये शिमला नगर निगम चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसे हल्के से नहीं लिया जाना चाहिए। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर प्रतिभा सिंह ने नगर निगम के बैठक में उपस्थित वार्ड के सदस्यों व कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशियों को लेकर उनके सुझावों व विचारों को सुना।
प्रतिभा सिंह ने सभी से आग्रह किया कि पार्टी प्रत्याशी का चयन सर्वसम्मति से जीत की क्षमता रखने वाले कार्यकर्ता को अधिमान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के विकास के लिए कांग्रेस की जीत बहुत ही आवश्यक है और इसके लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू ने बैठक में उपस्थित सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जिस प्रकार उन्होंने प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के लिये कार्य किया,ठीक उसी प्रकार से पूरे जोश व होश के साथ पूरे उत्साह से नगर निगम चुनावों में पार्टी की जीत के लिये कार्य करना होगा।
बैठक में कुसुम्पटी के विधायक ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, शिमला ग्रामीण के विधायक लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा के अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी, पूर्व पार्षद व वार्डो के अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।