केंद्र सरकार जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही : मुख्यमंत्री

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समूचे हिंदोस्तान की आवाज हैं, उसे दबाया नहीं जा सकता। शिमला में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने हैरानी जताते हुए कहा कि अदालत का निर्णय आने के 24 घंटे के भीतर उनकी सदस्यता को समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने से रोका जा सकता है, लेकिन जनता के बीच उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उमड़े जन हुजूम से भाजपा घबरा गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव से पहले किस तरह से राहुल गांधी जनता की आवाज बन रहे थे, उसको रोकने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सबको एक विचार के साथ आगे बढऩा होगा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि सभी राजनीतिक दलों को एकजुटता से एकमंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।