कांग्रेस नेताओं ने रिज से स्कैंडल प्वाइंट तक निकाला कैंडल जुलूस

अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने से खफा कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने आज शिमला सहित प्रदेश के तमाम जिला व ब्लाक मुख्यालयों में सत्याग्रह किया। इस दौरान कांग्रेस नेता हाथों में तख्तियां लेकर नारों के साथ अपना रोष जता रहे थे। शिमला के रिज पर बापू की प्रतिमा के समक्ष हुए सत्याग्रह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कांग्रेस सरकार के कई काबिना मंत्री व कार्यकर्ता शामिल हुए। सत्याग्रह के बाद कांग्रेस नेताओं ने रिज से स्कैंडल प्वाइंट तक शिमला कैंडल जुलूस निकाला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कैंडल मार्च में शामिल हुए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से बौखलाई हुई है। लिहाजा अदालत के फैसले के महज चौबीस घंटे के भीतर उनकी संसद सदस्यता को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में पूरे देश की आवाज बने हुए थे, ज्वलंत मुद्दों पर केंद्र सरकार का विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ राहुल गांधी के साथ खड़ी है और जनता के बीच केंद्र सरकार के षड्यंत्र का पर्दाफाश करेगी।
सत्यग्रह में मंत्री चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह, संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, केवल सिंह पठानिया, रवि ठाकुर, कांग्रेस नेता केहर सिंह खाची, आदर्श सूद, विनीत गौतम, आनंद कौशल, अमित पाल, यशपाल तनाईक, जैनब चंदेल, गोकुल बुटेल, अनुराग शर्मा, अनिता वर्मा, चंद्रप्रभा नेगी, दवेंदर बुशेहरी, जितेंदर चौधरी, सोहन लाल के अलावा अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए।

About The Author