मुख्यमंत्री के संकल्पों के अनुरूप हो पर्यटन राजधानी की विकास परियोजनाएं : चंद्र कुमार

व्यावहारिक ब्लूप्रिंट बनाकर विकास कार्यों को पहनाया जाए अमली जामा
जिला कांगड़ा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग बेहतर आपसी समन्वय से कार्य करें। उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में आज जिले में चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिला अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने यह शब्द कहे। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
परियोजनाओं का व्यावहारिक ब्लूप्रिंट हो तैयार
कृषि मंत्री ने जिले की सभी प्रमुख निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार कांगड़ा के विकास के लिए करोड़ों की राशि व्यय करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पैसा जनता का है तथा इसका उपयोग करने से पूर्व जिला प्रशासन और विभाग परियोजनाओं की व्यवहारिक रूपरेखा तैयार करें।