केंद्रीय विश्व विद्यालय का नॉर्थ कैंपस धर्मशाला में ही बनेगा : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि केंद्रीय विश्व विद्यालय का नॉर्थ कैंपस धर्मशाला में ही बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के लिए धर्मशाला के समीप जंदरागल में चयनित भूमि को निरस्त नहीं किया गया है। यहां पर 24.51.09 हैक्टेयर गैर वन भूमि विश्वविद्यालय के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त प्रारंभ में 280 हैक्टेयर वन भूमि केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए चयनित की गई थी। केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर की स्थापना के लिए वन सलाहकार समिति, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में बीते 27 जनवरी को बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय विश्व विद्यालय के लिए चयनित वन भूमि पर कुछ आपत्तियां लगाई गई थी। इन आपत्तियों को लेकर अगली बैठक में विचार किया जाएगा। परिसर का निर्माण कार्य केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के एफसीए अनुमोदन के बाद शुरू किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ते ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर सदन में हुई चर्चा का उत्तर देते हुए यह बात कही। विधायक सुधीर शर्मा ने सरकार से इस संदर्भ में चयनित भूमि की वस्तुस्थिति की जानकारी भी मांगी। उन्होंने कहा कि वर्षए 2006 से लेकर आज तक केंद्रीय विश्वविद्यालय मुद्दा बना हुआ है, लेकिन अब तक मामला सिरे नहीं चढ़ा है। उन्होंने कहा कि वह देहरा में केंद्रीय विश्व विद्यालय के कैंपस के निर्माण का विरोध नहीं कर रहे। अलबत्ता मीडिया रिपोर्ट के माध्यम से मिली जानकारी के बाद सरकार से जदरांगल में चयनित भूमि को लेकर स्थिति साफ करने का आग्रह कर रहे हैं।

About The Author