September 22, 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चार दिवसीय ग्रीष्म प्रवास पर शिमला पहुंचेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 4 दिवसीय ग्रीष्म प्रवास पर कल शिमला पहुंचेंगी। राष्ट्रपति शिमला के मशोबरा के समीप स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में रहेंगी। राष्ट्रपति के प्रवास से पहले प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला प्रशासन ने बाकायदा आमजन के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहली मर्तबा ग्रीष्म प्रवास पर शिमला पहुंच रही हैं। शिमला पहुंचने के एक दिन बाद वह 19 अप्रैल को प्रदेश विश्व विद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी दीक्षांत समारोह में उपस्थित होंगे। समारोह में राष्ट्रपति 10 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित करेंगे। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कोविड टेस्ट होगा। टेस्ट के लिए विश्व विद्यालय में विशेष कैंप लगाया गया है। कोरोना संक्रमण के मामलों के तेजी से बढऩे की वजह से दीक्षांत समारोह के दौरान सभागार में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति का टेस्ट अनिवार्य किया गया है। 20 अप्रैल को राष्ट्रपति के सम्मान में राजभवन में कार्यक्रम का आयोजन होगा। 21 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रिट्रीट से दिल्ली वापस लौटेंगी।

About The Author