राजभवन में राष्ट्रपति के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित

हिमाचल प्रदेश के अपने चार दिवसीय प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के सम्मान में आज राजभवन में राज्य सरकार की ओर से नागरिक अभिनंदन समारोह एवं रात्रि भोज का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति ने राजभवन परिसर में बुरांश का पौधा भी रोपित किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। समाज कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र और विशेष तौर पर नवाचार को बढ़ावा देने में उनके प्रयास अतुलनीय हैं। सार्वजनिक जीवन में उनका अनुभव हम सभी का मार्गदर्शन करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 से वर्तमान तक हिमाचल प्रदेश की यात्रा सतत विकास और सामाजिक उत्थान का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के अपने पहले प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति का स्वागत किया और कहा कि समाज के पिछड़े और कमज़ोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके निरंतर प्रयास हम सभी के लिए प्रेरक हैं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मात्र चार माह पहले ही कार्यभार संभाला है और इस छोटी-सी अवधि में नवाचारों के माध्यम से अनेक महत्वाकांक्षी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग 6000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया है और निराश्रितों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अनाथ एवं निराश्रित बच्चों को समुचित शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा इत्यादि उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत एक कानून भी पारित किया गया है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार(मीडिया) नरेश चौहान, विधायकगण, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, विभन्न प्रधान सचिव, सेना व नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

About The Author