September 22, 2026

युवा पीढ़ी अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं : विक्रमादित्य सिंह

खेल मंत्री ने आईटीआई सुन्नी में आयोजित जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में शारीरिक एवं बौद्धिक विकास का विशेष महत्व है इसलिए युवा पीढ़ी को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगनी चाहिए ताकि वह नशाखोरी से दूर रहें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
विक्रमादित्य सिंह ने आज ओद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुन्नी में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय आईटीआई छात्र खेल कूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में जिला के 19 आईटीआई के लगभग 500 प्रतिभागीयों ने ने भाग लिया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा एवं स्वरोजगार को प्राथमिकता दे रही है ताकि प्रदेश के युवा वर्ग को घर द्वार पर रोजगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाएगी ताकि नए व आधुनिक ट्रेड से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि आईटीआई सुन्नी में मेकाट्रॉनिक ट्रेड शुरू किया गया है और इस संस्थान को आदर्श आईटीआई का दर्जा प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे पावर प्रोजेक्ट में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने आईटीआई सुन्नी के मैदान को समतल करने के लिए 20 लाख रूपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्रों के लिए 25000 देने की भी घोषणा की।
आईटीआई सुन्नी के प्रधानाचार्य गुलाब सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और आईटीआई की विभिन्न गतिविधियों से उन्हें अवगत करवाया।

About The Author