राज्यपाल ने किया अंतर-कालेज खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ

विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेशद्वार का उद्घाटन एवं वेबसाइट का शुभारम्भ
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने युवाओं का आहवान किया कि देवभूमि हिमाचल की पवित्रता को बनाये रखने के लिए नशे से दूर रहें और प्रतिज्ञा लें कि नशा नहीं करेंगे। राज्यपाल आज सोलन जिले के नौणी स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में छात्रों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, उन्होंने 75 लाख रुपये की लागत से पहाड़ी शैली में निर्मित विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेशद्वार का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय की अंतर कालेज खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ भी किया।
हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने हिमाचल के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने इस संस्थान से जुड़े लोगोें से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सेब राज्य के रूप में देश-विदेश में पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को सेब राज्य के रूप में पहचान दिलाने में भी विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय की शैक्षणिक संस्थानों की अटल रैंकिंग के तहत वर्ष 2021 में इस विश्वविद्यालय को प्रोमिसिंग बैंड में 11वां स्थान प्राप्त हुआ है। वर्ष 2022 में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा भी देश के 72 कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिग में इस विश्वविद्यालय को 22वां स्थान प्रदान किया। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि हाल ही में न्यूयॉर्क में आयोजित ग्रीन स्कूल कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय को इंटरनेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी अवार्ड-2022 से नवाजा गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
इससे पूर्व, राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की नई गतिशील वेबसाइट का शुभारम्भ किया और छः विभिन्न प्रकाशनों का भी विमोचन किया।

About The Author