केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली का 119वां स्थापना दिवस समारोह

केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली का स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में गौरवपूर्ण इतिहास रहा है : भारती प्रविण पवार
केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली ने आज 119वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रविण पवार शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ भारती प्रविण पवार ने कहा की इस संस्थान का स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने का एक लंबा और गौरव पूर्ण इतिहास रहा है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में हिमाचल का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए योगदान देने वाले हिमाचल की देवभूमि को सादर नमन किया। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि इस संस्थान ने 118 वर्षों से अधिक की अपनी यात्रा के दौरान कई मील पत्थर स्थापित किए हैं और संस्थान लगातार राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी भारत सरकार का यह संस्थान नई उभरती हुई बीमारियों के लिए टीका निर्माण के क्षेत्र में भी शिक्षण और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विराजमान है।
पवार ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर देने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार किया है। उन्होंने बताया कि देश में सभी बच्चों के लिए पूर्ण टीकाकरण करने के उद्देश्य से मिशन इंद्रधनुष लॉन्च किया है जो टीबी सहित सात रोकथाम योग्य बीमारियों के खिलाफ बच्चों को सुरक्षित करने पर केंद्रित है।