September 23, 2026

शिक्षा मंत्री ने किया गुम्मा विद्यालय के भवन का शिलान्यास, 3 करोड़ से अधिक राशि होगी व्यय 

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मा के विद्यालय भवन का शिलान्यास किया।
शिक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भवन का निर्माण कार्य लगभग 3 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पूर्ण किया जायेगा। भवन निर्माण से यहां पर छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विद्यालय भवन में ऑडिटोरियम का प्रावधान करने के भी निर्देश दिए ताकि छात्रों को विभिन्न गतिविधियों को आयोजित करने का लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 15 स्कूलों के लिए वित्तीय प्रावधान किया गया है ताकि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों तक गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है ।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में लगभग 12 हजार से अधिक पद रिक्त पड़े हुए है जिसको ध्यान में रखते हुए प्रदेश मंत्रिमंडल ने 5000 से अधिक अध्यापक पदों को भरने की अनुमति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इन 5 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी जिस से ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षकों की कमी पूर्ण की जाएंगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों को दुरुस्त करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सेब हमारी आर्थिकी में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है जिसके लिए बागवानी को भी सुदृढ़ किया जायेगा।

About The Author