राज्यपाल ने उत्तर क्षेत्र पर्यावरण कार्यशाला का किया उद्घाटन

राज्यपाल ने संरक्षित एवं संतुलित विकास पर दिया बल
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संरक्षित एवं संतुलित विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज भारत पश्चिमी देशों की तुलना में सबसे कम कार्बन उत्सर्जित कर रहा है जबकि उनका पर्यावरण इतना असंतुलित है कि इसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। राज्यपाल आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर के सहयोग से आरोग्य भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्र पर्यावरण कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण शिखर सम्मेलन में कहे गए शब्दों, ”पर्यावरण संरक्षण हमारी प्रतिबद्धता है न कि मजबूरी“, को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में पेड़-पौधों का धार्मिक महत्व है और हम उनकी पूजा करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने राजभवन में तुलसी का पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का पर्यावरण स्वच्छ एवं स्वस्थ है और यहां पेड़ों की कटाई पर प्रतिबंध है। हमें अपने हरित आवरण को संरक्षित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हमें रसायन मुक्त कृषि पद्धति को पुनः अपनाकर मोटे अनाजों की खेती की ओर लौटना होगा।
उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन वैश्विक चिंता का विषय है, जिसका सीधा असर हम पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तरी क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरीकरण, औद्योगीकरण, जनसंख्या वृद्धि और पर्यावरण क्षरण से जुड़ी अनियंत्रित मानवीय गतिविधियों के कारण पर्यावरण संतुलन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस क्षेत्र में वायु प्रदूषण सबसे बड़ी चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक उत्सर्जन, वाहन प्रदूषण आदि इस समस्या के कारक हैं। उन्होंने वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए सतत विकास को बढ़ावा देने और स्वच्छ प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन भविष्य का बड़ा खतरा है और हिमालयी क्षेत्र ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों के लिए विशेष रूप से संवेदनशील है। इसलिए, जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता बढ़ाने, सतत क्रियाओं को बढ़ावा देने और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अधिकाधिक अपनाने की आवश्यकता है।
इससे पूर्व, राज्यपाल ने एनआईटी परिसर में आंवले का पौधा भी रोपित किया।
एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने संस्थान में राज्यपाल का स्वागत किया और विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संस्थान की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला और संस्थान के उन्नत भारत अभियान से जुड़े सभी संस्थानों के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

About The Author