September 23, 2026

शिक्षा क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत की है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा अधोसंरचना में सुधार के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में खोले जा रहे राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण होंगे तथा राज्य को ज्ञान पटल पर नए आयाम के साथ स्थापित करेंगे। ये स्कूल शिक्षा के मूलभूत ढांचे को और सुदृढ़ करने के साथ  सांस्कृतिक, पुरातन, आधुनिक और तकनीकी नवाचार साथ समग्र शिक्षा का केंद्र बनेंगे।
उन्होंने नगरोटा बगवां के ओबीसी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 431 छात्रों को स्पोर्ट्स ट्रैक सूट वितरित किए। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या, रेनबो इंटरनेशनल, हिमालय स्कूल, ग्रीन फील्ड स्कूल, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल पल्ली, मदर टेरेसा स्कूल, मॉडल नर्सरी स्कूल नगरोटा बगवां और लूना अकैडमी के बच्चे शामिल रहे। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भी बराबर भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही अध्यापकों से छात्रों के भविष्य को सही दिशा देने के लिए उनका उचित मार्गदर्शन करने की अपील की।

About The Author