पौंग बांध क्षेत्र को पर्यटन हब बनाने का खाका तैयार

हिमाचल में प्रवासी परिंदों की शरणस्थली पौंग बांध के रैंसर टापू और पौंग के अन्य क्षेत्रों को हिमाचल सरकार पर्यटन हब के रूप में विकसित करेगी, इसके लिए प्रशासनिक तौर पर तैयारियां आरंभ हो गई हैं। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने पर्यटन, वन्य प्राणी विंग के अधिकारियों के साथ रैंसर टापू का दौरा कर यहां पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने की दृष्टि से मौके का जायजा लिया। उन्होंने यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से आधारभूत संरचना विकसित करने की कार्य योजना बनाते हुए अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के चलते प्रशासन द्वारा इसे लेकर निर्धारित समय पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में भी पर्यटन को विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं तथा सरकार के निर्देशानुसार यहां पर्यटन विकास को लेकर प्रशासन द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यटन गतिविधियों के लिए खर्च किए जाएंगे 70 करोड़
जिलाधीश ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने के लिए 70 करोड़ रूपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए आज यहां अधिकारियों संग बैठक कर कार्य योजना बनाई गई। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ यहां स्वरोजगार के अपार अवसर उपलब्ध करवाने की संभावनाएं हैं, जिनको लेकर प्रशासन द्वारा एक सम्पूर्ण खाका तैयार किया जाएगा।

About The Author