कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा को प्रतिबद्व सुख की सरकार: बाली

61 मील में बनेगा हिमाचल पथ परिवहन निगम का विश्राम गृह
राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्व है, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कर्मचारियों को उनके देय लाभ समय पर मिलें। यह उद्गार शनिवार को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने नगरोटा के ओबीसी भवन में आयोजित हिमाचल पथ परिवहन निगम की इंटक महासंघ संगठन यूनियन के राज्य स्तरीय सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सुख की सरकार कर्मचारियों की हितैषी रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों की कई लंबित मांगों को पूर्ण किया है तथा समय समय पर बेहतर सुविधाएं देने के लिए भी तत्परता के साथ कार्य किया है। आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र के 61 मील में हिमाचल पथ परिवहन निगम का विश्राम गृह भी निर्मित किया जाएगा ताकि एचआरटीसी के कर्मचारियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सके। आरएस बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के परिवहन क्षेत्र में सुधार के लिए नवीन पहल के साथ कदम उठा रही है। लोकप्रिय पर्यटन स्थलों से हिमाचल में पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शुमार है। उन्होंने कहा कि परिवहन क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन लाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की राज्य स्तरीय इंटक महासंघ संगठन कर्मचारी यूनियन के प्रधान उमेश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए यूनियन की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी प्रदान की तथा यूनियन की ओर से मांग पत्र भी मुख्यातिथि को सौंपा गया।