September 21, 2026

01 सितंबर से फागू में होगी ईवीएम/वीवीपीएटी की प्रथम स्तरीय जांच

अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में शिमला में लोकसभा आम चुनाव-2024 के संचालन के लिए ईवीएम/वीवीपीएटी की प्रथम स्तरीय जांच के संदर्भ में बैठक आयोजित की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी (डीसी) शिमला द्वारा तैनात कर्मचारियों एवं बीईएल इंजीनियरों द्वारा ईवीएम/वीवीपीएटी गोदाम फागु (ठियोग) में प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 01 सितंबर, 2023 से शुरू की जाएंगी। एफएलसी प्रत्येक दिन छुट्टियों सहित सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान सशस्त्र पुलिस बलों का कम से कम एक सेक्शन 24×7 सीसीटीवी कवरेज के साथ तैनात किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को प्रथम स्तरीय जांच स्थल फागू (ठियोग) में 25 अगस्त, 2023 से पहले डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) की स्थापना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेल फोन, कैमरा, स्पाई पेन आदि को एफएलसी हॉल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि प्रथम-स्तरीय जांच के बाद ईवीएम वाले स्ट्रांग रूम की चौबीसों घंटे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जायेंगे। इसके अतिरिक्त एफएलसी के बाद ईवीएम वाले स्ट्रांग रूम के प्रवेश बिंदु पर 24×7 सीसीटीवी का पहरा होगा।
उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्ट्रांग रूम के पास एवं अंदर अग्निशामक यंत्र एवं फायर अलार्म की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ईवीएम/वीवीपीएटी गोदाम के बाहर चल रहे सभी निर्माण कार्य प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होने से पहले पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के दौरान गोदाम के बाहर अनाधिकृत व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही नहीं होगी।

About The Author