मुख्यमंत्री ने की कर्मचारियों व पेंशनरों को नए वेतनमान के एरियर की पहली किस्त जारी करने की घोषणा

शिमला। सिरमौर जिला के सराहां उपमंडल मुख्यालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आजादी के 76वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी बनाए जाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल पर सितंबर 2022 से मार्च 2023 तक अनुदान को दोगुना करने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में प्री प्राइमरी शिक्षा की नीति बनाई जाएगी, इसके लिए चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में खैर कटान का सरलीकरण किया जाएगा। सरकार इस बारे सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर करेगी। हिमाचल के प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों व पेंशनरों को नए वेतनमान के एरियर की पहली किस्त जारी करने ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा इससे सवा दो लाख के करीब कर्मचारियों व एक लाख 90 हजार के करीब पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि गरीब को मदद करने की हर कोशिश की गई है। गरीबों के बिजली के बिल जीरो आ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह खुशी की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश की मदद करने के उद्देश्य से सात बार हिमाचल आ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यकाल सामान्य नहीं रहा। पूरी दुनिया को कोरोना ने प्रभावित किया। कोविड के दौरान ऐसे दौर से गुजर रहे थे, जब ऐसा वातावरण था कि सब लोग चिंतित थे, परेशान थे। जब चिकित्सकों, वैज्ञानिकों ने कहा कि इस बीमारी का कोई उपचार नहीं है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हौसले व भरोसे से हमने इस चुनौती का सामना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी एक खास संयोग है कि जहां देश आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है, वहीं हिमाचल प्रदेश भी स्थापना के 75 साल पूरे कर चुका है। हिमाचल के विकास में भी प्रदेशवासियों का योगदान है। इस मौके पर उन्हें भी स्मरण करना जरूरी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हर एक विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि आज की पीढ़ी को यह बताना भी बहुत जरूरी है कि जिस वक्त स्वतंत्रता आंदोलन चल रहा था तो उस समय की स्थितियां क्या थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हमने यह भी प्रयास किया है कि हमारी आने वाली पीढ़ी को समझें। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल के गठन से लेकर आज तक के सफर की विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम देश के आजादी के 75 साल का जश्न और प्रदेश की स्थापना के 75 साल का सफर अपनी आंखों से देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के स्थापना के मौके पर 75 कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसका थीम “हिमाचल तब और अब” रखा गया है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को यह जरूर देखना है कि पहले रावी नदी को पार करने के लिए भैंस का सहारा लिया जाता था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आयोजित की जाने वाली प्रदर्शनी में सब कुछ देखा जा सकेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तार से चर्चा की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हल्की बूंदाबांदी के बीच परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री 11:00 बजे पंडाल में पहुंच गए। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के शानदार मार्च पास का नेतृत्व डीएसपी प्रणव चौहान ने किया।