September 21, 2026

मेले समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका – अनिरुद्ध सिंह

कैबिनेट मंत्री ने कलांवग में आयोजित तीन दिवसीय ठोडा मेला के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज दरभोग पंचायत के कलांवग में ठोडा दल छिब्बर द्वारा आयोजित पारंपरिक तीन दिवसीय ठोडा मेला के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले हमारे जीवन में सामाजिक मेल-मिलाप के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश समृद्ध स्थानीय विरासत का खजाना है जो यहां की परंपराओं, कला व संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मेले व त्यौहार स्थानीय लोगों के आपसी मेल मिलाप के साथ-साथ सामुदायिक व व्यापारिक रूप से भी लोगों की आकांक्षाओं व आवश्यकताओं को पूर्ण करते हैं।
उन्होंने मेले को प्रथम बार आयोजित करने एवं सफल आयोजन के लिए दरभोग पंचायत के साथ-साथ ठोडा दल छिब्बर को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के सभी धार्मिक व सामाजिक मेले यहां के लोगों के लिए धर्म और आस्था का प्रतीक है जिसे बड़ी धूमधाम से मनाया जाना चाहिए।
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा इस विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 4.50 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है जिसके माध्यम से इस विधानसभा क्षेत्र की कच्ची सड़कें पक्की करना, सभी गांवों को सड़क व पेयजल उपलब्ध करवाना, कम वोल्टेज की समस्या को खत्म करना तथा पंचायत क्षेत्र के सभी विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाना प्रमुख कार्य है।

About The Author