शोघी में विज्ञान अध्ययन एवं सृजन केन्द्र का लोकार्पण

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला शिमला के शोघी में 11 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विज्ञान अध्ययन एवं सृजन केन्द्र का लोकार्पण किया। कहा कि राज्य सरकार द्वारा शत प्रतिशत वित्त पोषित विज्ञान अध्ययन एवं सृजन केन्द्र ( सीएसएलसी ) विज्ञान शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व क्रांति लाने के साथ-साथ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। यह अत्याधुनिक संस्थान हिमकोस्टे और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम) के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किया गया है। इसके सभी संस्थागत खण्डों में 60 इंटरएक्टिव विज्ञान प्रदर्शनियां, विषयवार दीर्घाएं और सूचना विज्ञान प्रदर्शनियां हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र में एक आधुनिक तारामंडल का संचालन वर्ष 2024 के अंत तक पूरा हो जाएगा जो खगोलीय शिक्षा को प्रोत्साहित करने में मददगार साहिब होगा। उन्होंने केंद्र में प्रदर्शित प्रदर्शनियों का गहराई से अवलोकन करते हुए कहा कि यह केन्द्र प्रदेश में नवीन विचारों और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में आधारशिला रखने के साथ शुरू हुई इस परियोजना को वर्ष 2023 को मूर्तरूप मिला है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी भारत में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार क्रांति के जनक हैं और आज उनके प्रयासों के फलस्वरूप देश सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरन्तर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर भारत का महत्त्वपूर्ण स्थान है।  कहा कि इस केन्द्र की स्थापना से युवा मन में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न होगी और वे वैज्ञानिक सिद्धांतों को अधिक प्रभावी ढंग से समझ सकेंगे। इसके अलावा, प्रदेश के विद्यार्थियों को विज्ञान के अध्ययन व अनुभव के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण बदलाव ला रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अव्वल राज्य बनाने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आगामी चार वर्षों में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और आगामी दस वर्षों में हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इस केन्द्र को खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केन्द्र युवाओं की वैज्ञानिक प्रतिभा को पोषित करने और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विषय को बेहतर ढंग से समझने के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभव आधारित शिक्षा भी जरूरी है।

About The Author