बस किराया में नहीं होगी कोई बढ़ोतरी : मुकेश अग्निहोत्री

हिमाचल पथ परिवहन निगम के स्वर्ण जयंती वर्ष में कर्मचारियों को दिए वित्तीय लाभ
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की जिसमें बस किराया में कोई भी बढ़ोतरी न करने बारे निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि प्राइवेट बस ऑपरेटर ने किराया बढ़ने का आग्रह किया था परन्तु निदेशक मंडल ने बस किराया न बढ़ाने पर सहमति जताई है।
लगेज पॉलिसी में नहीं किया है कोई बदलाव
लगेज पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं किया गया है केवल उन्हीं लोगों को पैसा देना होता है जो स्वयं बस में सफर नहीं करते परन्तु हिमाचल पथ परिवहन निगम को कूरियर के लिए इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि इस पॉलिसी से लगभग 1 करोड़ रुपए की आय शुरुआत में ही हो गई है। उन्होंने बताया कि लैपटॉप, व्हीलचेयर और बच्चों की ट्राईसाइकिल पर किसी प्रकार का किराया नहीं लगेगा।
खर्चे कम और आय बढ़ाने पर होगा कार्य
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि निगम में खर्चे कम और आय बढ़ाने के लिए कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि निगम का हर माह का खर्च लगभग 145 करोड़ है और आय केवल 75 करोड़ रुपए है। बाकि पैसे प्रदेश सरकार द्वारा दिया जाता है जिसके बदले महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया में छूट, पुलिस और छात्रों व अन्य के लिए बस किराये में रियायत दी जाती है। उन्होंने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम अपने कार्यकाल के 50 वर्ष पूरे कर चुका है और इस स्वर्ण जयंती वर्ष में जो गतिविधियां की जानी हैं उन पर भी बैठक में चर्चा की गई।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चलाई जाएँगी विशेष बसें
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी धर्म स्थल के लिए विशेष बसें चलाई जाएँगी जिसके लिए 100 रूट चिन्हित किये जायेंगे। इसी दिशा में पहली बस धर्मशाला-जवालामुखी-चिंतपूर्णी से वापस धर्मशाला तक चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के श्री खाटू श्याम जी के लिए भी परमिट लिया गया है तथा पड़ोसी राज्यों की सरकारों के साथ परमिट का आदान प्रदान करके अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी जल्द बसों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन बसों का नामकरण और स्वरुप भी धार्मिक स्थल अनुसार तैयार किया जायेगा। यह बसें पूरा साल चलेंगी।