केंद्र ने टोमैटो फ्लू के लिए राज्यों को परामर्श किया जारी

केंद्र सरकार ने हाथ, पैर और मुंह की बीमारी-एच.एफ.एम.डी. के लिए राज्यों को परामर्श जारी किया है। इसे टोमैटो फ्लू के नाम से भी जाना जाता है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार टोमैटो फ्लू के बारे में सबसे पहले केरल के कोल्लम जिले में 6 मई को पता चला था। स्थानीय सरकारी अस्पतालों के अनुसार 26 जुलाई तक पांच वर्ष से कम आयु के 82 बच्चों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। केरल के आंचल, आर्यनकवु और नेदुवथुर इलाके भी इससे प्रभावित हैं। पड़ोसी राज्यों तमिलनाडु और कर्नाटक में संक्रमण को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। ओडिसा में भुबनेश्वर के क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र की जानकारी के अनुसार एक से नौ वर्ष की आयु के 26 बच्चों में टोमैटो फ्लू का पता चला है। केरल, तमिलनाडु, हरियाणा और ओडिसा के अलावा देश के किसी भी अन्य राज्य या केंद्रशासित प्रदेश में इस संक्रमण की जानकारी नहीं मिली है। हाथ, पैर और मुंह की बीमारी- एच.एफ.एम.डी. के लक्षणों में बुखार आना, मुंह में छाले और त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना शामिल है। इसकी शुरुआत हल्के बुखार से होती है, भूख कम लगती है और बेचौनी रहती है।