सरकार कल्याणकारी योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने को कृत संकल्प: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिले के ज्वाली में आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की । इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार प्रदेश भर में 75 कार्यक्रम आयोजित करके इस महत्वपूर्ण अवसर को शानदार तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी नेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों, किसानों और सबसे बढ़कर उन सभी लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने हिमाचल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने हिमाचल को देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श राज्य बनाने तथा सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 प्रबंधन के मामले में हिमाचल देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक रहा। इस महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की न केवल प्रधानमंत्री जी बल्कि अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के अन्य राज्यों में फंसे लगभग ढाई लाख लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने उस कठिन दौर और संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने से भी परहेज नहीं किया। इन नेताओं ने कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम शुरू करके महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। महिलाओं को यह रियायत राजनीतिक कदम नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के प्रदेश सरकार के संकल्प की दिशा में एक छोटा कदम है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने शगुन योजना, गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद जैसी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं के कारण असहाय लोगों के लिए प्रदेश सरकार की सहारा योजना वरदान साबित हो रही है। इन असहाय लोगों को प्रतिमाह 3000 रुपये की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी सरकार ने गरीब और जरुरतमंद लोगों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू करने के बारे में नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं है, वह राज्य के लोगों को दस गारंटी दे रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से राज्य में डबल इंजन सरकार सुनिश्चित करने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने का आग्रह किया ताकि विकास की गति को निर्बाध बनाए रखा जा सके।