विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा भारत: अनुराग ठाकुर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व में भारत ने पिछले 8 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर अपना पुराना गौरव और उच्च स्थान हासिल किया है। यह बात केंद्रीय सूचना और प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर जिले के सुजानपुर में ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि के कारण अब गुलामी के प्रतीक राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में यही नया और जीवंत भारत है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की 5वीं सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का आठ वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है और इस दौरान भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धारा 370 को समाप्त करना, अयोध्या में भगवान राम मंदिर का निर्माण और तीन तलाक व्यवस्था को खत्म करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व के कारण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के कारण ही देश में विश्व का सबसे बड़ा मुफ्त टीकाकरण अभियान आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों में हिमाचल प्रदेश के लाखों सेवारत सैनिक और पूर्व सैनिक हैं, जिसके कारण प्रदेश को वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो करिश्माई व्यक्तित्व के धनी हैं। प्रधानमंत्री गरीबों के उत्थान पर विशेष ध्यान देते हुए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ देशवासियों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य के लिए बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क भी राज्य के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जो प्रदेश के लोगों के लिए वरदान साबित होंगे।