October 5, 2025

मुख्यमंत्री ने मनाली विंटर कार्निवाल का किया शुभारंभ, महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कुल्लू के ऐतिहासिक हिडिम्बा मंदिर मनाली में पूजा-अर्चना कर पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरद् महोत्सव (विंटर कार्निवाल) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिधि गृह मनाली से कार्निवाल परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने मनु रंगशाला में दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि को मौजूदा 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये करने की घोषणा भी की। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन और अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहन करने के लिए मनाली में एक इंडोर स्टेडियम और आइस स्केटिंग रिंक का निर्माण करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए सभी दस वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को मंत्रिमंडल की पहली कैबिनेट में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 से 60 वर्ष की आयुवर्ग की महिलाओं को कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए वादे के अनुसार 1500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के स्वच्छ पर्यावरण को संरक्षित के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आरंभ में इसी माह की 15 तारीख तक 18 वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों से बदला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद बच्चों विशेषकर अनाथों, निराश्रित महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये का त्योहार अनुदान देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये के परिव्यय से मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष स्थापित करने का निर्णय लिया है ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि वह इस फंड में अपना एक महीने का वेतन देंगे और कांग्रेस के अन्य विधायक भी अपना एक महीने का वेतन देने के लिए तैयार हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि विंटर कार्निवाल मनाली का पर्यटन, व्यापार, पारंपरिक मान्यताओं और संस्कृति के संरक्षण की दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। कार्निवल विभिन्न राज्यों के विभिन्न कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

About The Author