मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर का सामाजिक सेवाओं से है विशेष जुड़ाव

प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू जिला के शालंग गाँव से सम्बन्ध रखते हैं। सुन्दर सिंह ठाकुर का जन्म 5 मई, 1965 को हुआ। इनके माता पिता का नाम क्रमशः श्रीमती खूबी देवी एवं श्री जोग ध्यान ठाकुर है । सुन्दर सिंह ठाकुर के पंजाब विश्वविद्यालय से बीएससी (मेडिकल) और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से विधि स्नातक (एलएलबी) की उपाधि प्राप्त की। इनकी धर्मपत्नी श्रीमती इंदिरा ठाकुर एवं दो बेटे हैं तथा बागवानी एवं होटल व्यवसाय से जुड़े हैं।
सुन्दर सिंह ठाकुर ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुवात वर्ष 1985-86 में हिमसा चंडीगढ़ के संगठन सचिव के रूप में की। इसके उपरांत वर्ष 1989-91 तक हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई के उपाध्यक्ष, 1991 में पंचायत समिति सदस्य, वर्ष 1991-94 तक पंचायत समिति कुल्लू के अध्यक्ष, वर्ष 1994-99 तक जिला परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष रहे। वर्ष 2009-2012 तक हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के राज्य प्रतिनिधि तथा वर्ष 2012 से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव पद पर रहे। सुन्दर सिंह ठाकुर ने वर्ष 2003-08 तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा वर्ष 2013 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश खेल परिषद के सदस्य के रूप में कार्य किया। श्री सुंदर सिंह ठाकुर दिसंबर 2017 में 13वीं विधानसभा के लिए बतौर विधायक चुने गए और जनरल डेवल्पमेंट एंड सबोर्डिनेट लेजिस्लेशन कमेटी के सदस्य रहे। दिसंबर 2022 में यह 14वीं विधानसभा के लिए पुनः विधायक के रूप में चुने गए। सुन्दर सिंह ठाकुर सामाजिक सेवाओं से जुड़े रहे हैं और सक्रिय रक्तदाता भी हैं। भ्रमण के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की संस्कृति, परंपराओं और जीवन शैली के बारे में जानना-समझना इनकी अभिरुचि में शामिल है।

About The Author