13 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त , शिव प्रताप शुक्ला होंगे हिमाचल के नए राज्यपाल

केंद्र सरकार ने हिमाचल,महाराष्ट्र,असम सहित 13 राज्यों के राज्यपाल बदल दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाले शिव प्रताप शुक्ला अब प्रदेश के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थान लेंगे। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 13 जुलाई 2021 को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के तौर पर शपथ ली थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाले शिव प्रताप शुक्ला मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। उनका जन्म 1 अप्रैल 1952 को रुद्रपुर में हुआ था। उनकी शिक्षा दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर से पूरी हुई है। साल 1968 में शिव प्रताप शुक्ला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। सबसे पहले उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। शिव प्रताप शुक्ला साल 1989 में पहली बार गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बने। साल 1991 में वे स्वतंत्र प्रभार मंत्री शिक्षा बने थे। साथ ही उन्हें समाज कल्याण, उद्यान और खाद्य प्रसंस्करण के साथ-साथ खेल मंत्रालय का भी दायित्व मिला था. साल 1996 में वह प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री बने उन्हें न्याय और ग्राम विकास मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई थी। देश में लगी इमरजेंसी के दौरान उन्हें 26 जून, 1975 को जेल भी जाना पड़ा. वे 18 महीने बाद साल 1977 में जेल से छूटे थे. साल 2002 में उन्हें गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठन का काम करना शुरू किया। शिव प्रताप शुक्ला देश भर में बढ़ते जातिवाद के खिलाफ मुखर होकर अपनी आवाज बुलंद करते नज़र आते हैं। वे देश में जातिवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे मुखर विरोधी हैं। शिव प्रताप शुक्ला अब हिमाचल प्रदेश के 22 वें राज्यपाल के तौर पर अपना कार्यभार संभालेंगे। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड, गुलाब चंद कटारिया को असम, शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया। मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

About The Author