September 21, 2026

पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का लोकार्पण

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने दिया जनसेवा का संदेश
न्यायपालिका से जुड़े लोगों को जनसेवा और जनसुविधा की भावना से अपना कार्य करना चाहिए। पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का उद्घाटन करने के उपरांत हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने यह बात कही। अपने दो दिवसीय जिला कांगड़ा दौरे के दौरान प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का उद्घाटन कर इसे आमजन की सुविधा के लिए क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पालमपुर में स्थापित इस न्यायालय से पालमपुर, बड़ा भंगाल, बैजनाथ, जयसिंहपुर और आस पास के क्षेत्र के लाखो लोगों को न्यायिक सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि अभी तक पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थाई व्यवस्था न होने से क्षेत्र के लोगों को संबंधित मामलों में न्यायिक सहायता के लिए धर्मशाला तक का सफर तय करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस कोर्ट के खुलने से ऐसे सभी लोगों को सहुलियत होगी। न्यायमूर्ति सबीना ने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय का प्रयास है कि लोगों के लिए न्याय सुलभ हो, सबकी पहुंच में हो और समयबद्ध हो। उन्होंने कहा कि सुलभ न्यायिक व्यवस्था को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश उच्च न्यायालय समर्पित प्रयास कर रहा है। उन्होंने नए कोर्ट के लिए बधाई देते हुए सभी सम्बंधित न्यायिक अधिकारियों और बार एसोसिएशन से इसे लेकर अपनी जिम्मेदारी समझने और गुणात्मक काम करने को कहा।

About The Author