एक घर में 18 से 20 वोट बनाने का प्रयास कर रहे हैं कांग्रेस नेता : कश्यप

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाई जा रही फर्जी वोटों बारे आयोग को विस्तृत जानकारी दी। कश्यप ने कहा कि नगर निगम शिमला की चुनाव प्रक्रिया में वोट बनाने का क्रम जारी है। वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा सत्ता का दुरूपयोग करते हुए भारी संख्या में फर्जी वोट बनाकर नगर निगम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है ।
उन्होंने कहा कि उप-मुख्यमंत्री एवं सरकार के कुछ मंत्रियों के घरों में भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फर्जी वोट बनाये जा रहे हैं। ऐसा ही एक वाक्या बैनमोर वार्ड में भी सामने आया है जहां एक ही कमरे में 18 से 20 लोगों द्वारा वोट बनाने के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। इस तरह की घटनाएं अन्य वार्डो में सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नगर निगम चुनावो को लेकर जो रोस्टर जारी किया है वह भी न्याय संगत नहीं है। रोस्टर बनाते समय उचित मापदंडो को दरकिनार किया गया है और इसलिए सरकार की कार्यप्रणाली पर भी कई तरह सवाल उठ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया है कि कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए जा रहे फर्जी वोटों को मान्यता न दी जाए ताकि नगर निगम शिमला के चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सके।