हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस की बैठक लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित

हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस (अस्पताल कल्याण अनुभाग) की बैठक का आयोजन आज यहाँ लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला की अध्यक्षता में हुआ जिसका उद्देश्य अस्पताल कल्याण अनुभाग द्वारा वर्ष 2023-24 में की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा करना तथा लेडी गवर्नर का हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस (अस्पताल कल्याण अनुभाग) की अध्यक्षा बनने पर अभिनन्दन करना था।
इस अवसर पर जानकी शुक्ला ने कहा कि अस्पताल कल्याण शाखा को जिस समय गठित किया गया था उस समय हमारी प्राथमिकता आज से कुछ अलग थी, परन्तु समय के साथ इसमें काफी बदलाव भी आये हैं। इस आधार पर अब हमें यह सोचने की जरूरत है कि हम कुछ अन्य कार्य भी अस्पताल कल्याण शाखा के अन्तर्गत करें जिसमें निक्षय मित्र बनना, नशा निवारण हेतु कार्य करना, गरीब विद्यार्थियों के लिए अपनी पढ़ाई अच्छी तरह से पूरा करने हेतु कार्यवाही करना व ऐसे व्यक्तियों जो किसी लाईलाज या भयानक बीमारी से ग्रसित हों तथा उनके परिजनों को समय-समय पर कुछ सहायता देना इत्यादि पर कार्य किया जा सकता है।
सदस्य राष्ट्रीय प्रबंधन समिति रेडक्रॉस डॉ साधना ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य जाँच शिविर खासकर महिला स्वास्थ्य से सम्बंधित के आयोजन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए जिसके लिए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के सानिध्य में पिछले 05 वर्षों में रेड क्रॉस की गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर रेड क्रॉस की गतिविधियों में सराहनीय कार्य कर रहा है जोकि हर्ष का विषय है।
बैठक का संचालन मानद सचिव अस्पताल कल्याण अनुभाग डॉ किमी सूद द्वारा किया गया। बैठक में अस्पताल कल्याण अनुभाग की सदस्याएं उपस्थित रहीं।