अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा आवश्यकः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार के विचाराधीन है। सामाजिक रूप से सुरक्षित पत्रकार सदैव अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखेगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चण्डीगढ़ में दि कॉन्फेडेरेशन ऑफ न्यूजपेपर्ज़ एण्ड न्यूज एजेंसीज एम्पलोईज आर्गेनाईजेशन द्वारा ‘चेलेंजिज बिफोर प्रिंट मीडिया’ विषय पर आयोजित सत्र को मुख्यातिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन दि ट्रिब्यून एम्पलोईज यूनियन चण्डीगढ़ द्वारा किया गया।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर पंचवर्षीय योजनाओं के लाभ जनमानस तक पहंुचाने और कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी से लोगों को लाभान्वित करने में प्रिंट मीडिया की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सूचना के आदान-प्रदान में समाचार पत्रों का अहम योगदान है। इलैक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया विस्तृत जानकारी प्रदान करने और लोगों के मीडिया पर विश्वास को कायम रखने में विशेष रूप से सफल रहा है।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के लिए अनेक नवीन योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया केे सहयोग से हमारी यह योजनाएं न केवल समय पर लक्षित वर्गों तक पहुंच रही हैं अपितु मीडिया द्वारा समय-समय पर प्रदत्त फीडबैक से यह योजनाएं और बेहतर भी बनेंगी।
ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास योजना भी आरम्भ की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए मीडिया का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, ग्रीन एनर्जी के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यून समूह को विश्वसनीयता और ठोस समाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि समूह भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से विश्ष्टि पहचान कायम रखेगा।
दि ट्रिब्यून एम्पलोईज यूनियन के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पंजाब विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर गुरमीत सिंह ने प्रिंट मीडिया के समक्ष चुनौतियों के विषय में सारगर्भित जानकारी प्रदान की।

About The Author